बांदीकुई:संभागीय आयुक्त ने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का अवलोकन कर लाभार्थियों को चैक वितरित किए
9 अक्टूबर। संभागीय आयुक्त पूनम ने गुरुवार को बांदीकुई उपखंड क्षेत्र में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का अवलोकन कर आमजन से संवाद किया और लाभार्थियों को चैक वितरित किए। उन्होंने शिविरों में हो रहे कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को आमजन के अधिकाधिक प्रकरणों का निस्तारण कर राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान अस्पताल एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया|
जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार रहे मौजूद
जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबेक लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश प्रदान किए।संभागीय आयुक्त पूनम ने जिला कलक्टर देवेन्द्र कुमार के साथ तहसील परिसर बांदीकुई में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) एवं स्वनिधि योजना के चैक प्रदान किए और उनसे बातचीत कर शिविर में मिल रहे लाभ और जनकल्याणकारी योजनाओं की क्रियान्विति का फीडबेक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए यह अभियान शुरू किया है। इसी मंशा को ध्यान में रखते हुए शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को विभिन्न योजनाओं एवं जरूरी सुविधाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें।इस दौरान संभागीय आयुक्त पूनम ने पीचूपाड़ा कलां ग्राम सेवा सहकारी समिति में सहकारिता अभियान के तहत आयोजित शिविर का निरीक्षण कर समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया। शिविर के दौरान जिले के राजीविका महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
