जीएसटी की नई दरें नवरात्र के पहले दिन से लागू,रसोई के सामान से लेकर एसी-टीवी कई उत्पाद हो गए सस्ते
नई दिल्ली(इंडियालाइव टीवी)।जीएसटी की नई दरें नवरात्र के पहले दिन से लागू हो रही हैं। अब जीएसटी के 5 फीसदी और 18 फीसदी के सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं। नई दरें लागू होने के साथ रसोई के सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां, कपड़े, मकान खरीदना-बनवाना, बीमा उत्पाद और एसी-टीवी जैसे कई उत्पाद सस्ते हो गए हैं।
कई जीवनरक्षक दवाओं को किया गया जीएसटी से मुक्त
इसके अलावा, दूध के टेट्रापैक, रोटी, खाखरा, निजी स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा उत्पादों, पढ़ाई-लिखाई से जुड़ीं कुछ चीजों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। आम आदमी तक कर राहत पहुंचे, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें कड़ी निगरानी कर रही हैं।
जीएसटी सुधारों पर आई केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव की प्रतिक्रिया
जीएसटी सुधारों के कार्यान्वयन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “मैं सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं देना चाहता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टैक्स स्लैब को कम करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है, जिससे हर घर को बचत करने में मदद मिलेगी। बचत महोत्सव शुरू हो गया है। दुकानदार और ग्राहक दोनों बहुत खुश हैं।हमें अपने दैनिक जीवन में यथासंभव स्वदेशी का उपयोग करने का एक और संकल्प लेने की आवश्यकता है।
